एस.वी.एम. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी स्नातकोत्तर महाविद्यालय लालगंज, प्रतापगढ़ उ.प्र. के सेमीनार हाल में सहभागी लोकतंत्र: चुनौतियां एवं सद्भावनाएं विषय प
एस.वी.एम. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी स्नातकोत्तर महाविद्यालय लालगंज, प्रतापगढ़ उ.प्र. के सेमीनार हाल में सहभागी लोकतंत्र: चुनौतियां एवं सद्भावनाएं विषय पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय और पंचपरमेश्वर विद्यापीठ के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता, पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार एवं सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष प्रो. शिवाकांत ओझा ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में तीसरी सरकार अभियान के संस्थापक और पंचपरमेश्वर विद्यापीठ के अध्यक्ष डॉ. चन्द्रशेखर प्राण ने सहभागी लोकतंत्र की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब स्व-शासन और विकास की प्रक्रिया में विचार, निर्णय और क्रिया, तीनों स्तर पर आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होगी।
सेमीनार में हेमवती नंदन बहुगुणा महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. गंगाधर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने लोकतंत्र में सामाजिक सद्भाव और जागरूक नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में विषय का प्रवर्तन, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अमित सिंह ने किया। उन्होंने सहभागी लोकतंत्र की वर्तमान चुनौतियों और युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। पंचपरमेश्वर विद्यापीठ के निदेशक अनिल उदय तिवारी ने व्यवस्था और व्यक्ति के महत्व के प्रश्न को उठाते हुए विमर्श को नई दिशा दी।
इसके बाद वक्ताओं ने लोकतंत्र, सामाजिक सहभागिता, पंचायत व्यवस्था, युवा चेतना और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में यह बात प्रमुखता से उभरकर सामने आयी कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही उसकी मजबूती संभव है। वक्ताओं ने शिक्षा संस्थानों को सामाजिक चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रसार का केंद्र बताया। सेमीनार के दौरान उठे प्रमुख बिंदुओं, चिंताओं और सवालों पर एक विस्तृत विश्लेषणात्मक रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत किए जाने की भी घोषणा की गयी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, राजनीति शास्त्र विभाग के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी लोग उपस्थित रहे। सेमीनार की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। अतिथियों का स्वागत एसवीएम के निदेशक डॉ. संदीप मिश्र ने किया, जबकि आभार ज्ञापन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अम्बिकेश मणि त्रिपाठी ने किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

COMMENTS